पत्रक के साथ ली शपथ, 17 जून को बड़ा गणपति से निकलेगी भव्य शौर्य यात्रा; नंदा नगर से देवास नाका तक होगा राजपूत समाज एकजुट

इंदौर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप एवं महाराजा छत्रसाल जयंती के पावन उपलक्ष्य में 17 जून को शाम 6 बजे बड़ा गणपति से राजबाड़ा तक निकलने वाली भव्य शौर्य यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रगतिशील क्षत्रिय महासभा इंदौर मंडल की बैठक रविवार को राजपूत धर्मशाला, गौरी नगर, खातीपुरा में संपन्न हुई।
महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण से हुई शुरुआत
बैठक का शुभारंभ उद्योगपति सुरेश सिंह भदौरिया, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय सिंह परिहार, राजपूत समाज संरक्षक मोहन सेंगर, प्रगतिशील क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष ओंकार सिंह भदौरिया, कार्यवाहक अध्यक्ष लल्ले पवार, राजबहादुर सिंह कुशवाह, संभागीय अध्यक्ष मुकेश गौतम, पप्पू ठाकुर, पार्षद राजू भदौरिया सहित अतिथियों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
पत्रक के साथ ली शपथ, 20-20 रिश्तेदार लाने का संकल्प
प्रगतिशील क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष ओंकार सिंह भदौरिया और कार्यवाहक अध्यक्ष लल्ले पवार ने बताया कि बैठक में स्वजातीय बंधुओं से शौर्य यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए सुझाव लिए गए। साथ ही यात्रा को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विभिन्न जवाबदारियां सौंपी गईं। इस दौरान सभी अतिथियों और समाजजनों ने शौर्य यात्रा के पत्रक के साथ एक स्वर में शपथ ली कि प्रत्येक स्वजातीय बंधु अपने 20-20 रिश्तेदारों को साथ लेकर यात्रा में शामिल होगा।
शहरभर से जुटेगा राजपूत समाज
बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 जून को नंदा नगर, गोरी नगर, पाटनीपुरा, परदेशीपुरा, विजय नगर, देवास नाका, लसूड़िया सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से राजपूत समाज के लोग एकत्रित होकर बड़ा गणपति पहुंचेंगे और वहां से शौर्य यात्रा में शामिल होंगे।महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यह शौर्य यात्रा महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। बैठक में सैकड़ों की संख्या में समाजजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पार्षद राजू भदौरिया ने किया और आभार राजबहादुर कुशवाह ने माना।
