नशे में धुत युवकों ने की गाली-गलौच, विधायक रमेश मेंदोला से फोन पर चर्चा कर रहवासियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

—
इंदौर। थाना बाणगंगा क्षेत्र के साईं सुमन नगर में देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत युवकों ने गाली-गलौच करते हुए एक ऑटो रिक्शा और दो बाइकों में आग लगा दी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
धार्मिक यात्रा पर थीं पार्षद, पुत्र को भेजा मौके पर
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद संध्या राधाकिशन जायसवाल, जो उस समय धार्मिक यात्रा पर थीं, ने तत्काल अपने पुत्र मासूम जायसवाल को घटनास्थल पर भेजा। मासूम जायसवाल ने रहवासियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
विधायक और पुलिस अधिकारियों से फोन पर चर्चा
मौके पर ही पार्षद पुत्र मासूम जायसवाल ने रहवासियों की विधायक रमेश मेंदोला और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर चर्चा करवाई। रहवासियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक मेंदोला ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
दहशत में रहवासी
स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात कुछ युवक नशे की हालत में कॉलोनी में घुसे और गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने वाहनों में आग लगा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बाणगंगा थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज से तलाश कर रही है।
