इन्दौर। गांधी नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बांगड़दा चौराहा पर जामुन तोड़ने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और डंडे चल गए। विवाद तब शुरू हुआ जब कुछ युवक एक रियल एस्टेट ऑफिस की छत पर चढ़कर पेड़ से जामुन तोड़ रहे थे। ऑफिस मालिक महिला द्वारा टीनशेड कमजोर होने का हवाला देकर टोकने पर विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट में दोनों तरफ से कई लोग घायल हो गए। गांधी नगर पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायतों पर एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधी नगर पुलिस के मुताबिक, पहले पक्ष की ओर से देवपुरी कॉलोनी बंगाली चौराहा निवासी बबीता पति लोकेंद्र व्होरा की शिकायत पर आरोपी ललित निकुम और विशाल दोनों निवासी बड़ा बांगड़दा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।फरियादी बबीता ने पुलिस को बताया कि बड़ा बांगड़दा चौराहा पर प्ले होटल के सामने उनका रियल एस्टेट का ऑफिस है। कल दोपहर आरोपी ललित और विशाल उनके ऑफिस की छत पर चढ़कर पास ही लगे पेड़ से जामुन तोड़ रहे थे। बबीता ने जब उन्हें देखा तो शालीनता से टोकते हुए कहा कि आप लोग ऑफिस के सामने लगे टीनशेड पर चढ़कर जामुन तोड़ लो, क्योंकि ऑफिस की छत पर लगे चद्दर की रिब कमजोर है और वह टूट जाएगी। इसी बात से नाराज होकर दोनों आरोपियों ने बबीता को सरेराह भद्दी गालियां देना शुरू कर दिया। जब ऑफिस में मौजूद उनके पति लोकेंद्र और साथी त्रियांशी यादव ने बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में त्रियांशी और लोकेंद्र को गंभीर चोटें आई हैं।वहीं, मामले के दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस ने अजय पिता हेम सिंह राठौर की रिपोर्ट पर आरोपी बबीता व्होरा, लोकेंद्र व्होरा और संजय व्होरा के खिलाफ जवाबी केस दर्ज किया है।फरियादी अजय ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि उनके भांजे ललित और विशाल जामुन खाने के लिए ऑफिस की छत पर चढ़े थे। इसी बात को लेकर वहां मौजूद आरोपी बबीता और लोकेंद्र ने उनके दोनों भांजों के साथ अकारण गाली-गलौज की और उन्हें लात-घूंसे तथा डंडों से बेरहमी से पीट दिया। भांजों ने जब रोते हुए घर आकर पूरी आपबीती बताई, तो अजय अपने बेटे उज्जवल को साथ लेकर व्होरा परिवार को समझाने के लिए उनके ऑफिस पहुंचे थे। अजय का आरोप है कि वहां पहुंचते ही तीनों आरोपियों ने आव देखा न ताव और डंडे निकालकर उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके बेटे उज्जवल को सिर और शरीर पर काफी ज्यादा चोटें आई हैं।
