
रिंग रोड स्थित परस्पर गार्डन से रविवार को सप्त नदियों का जल लेकर ढाई हजार समाज बंधु करेंगे अभिषेक
इंदौर पश्चिमी मध्यप्रदेश प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के तत्वावधान में संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब द्वारा रविवार 9 अगस्त को सुबह 9 बजे से रिंग रोड स्थित परस्पर गार्डन परिसर से निकलने वाली “जय महेश कावड़ यात्रा” में इस बार अनेक आकर्षण शामिल होंगे। यात्रा में देश की 7 प्रमुख नदियों के जल के साथ ही 6 झांकियां और लगभग ढाई हजार श्रद्धालु बोल बम और जय शिव का उद्घोष करते हुए शामिल होंगे। शनिवार को परस्पर गार्डन परिसर पर आयोजित महती बैठक में कावड़ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।बैठक में माहेश्वरी कुटुम्ब के संस्थापक श्रीमती शारदा प्रकाश अजमेरा एवं प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष अजय झंवर सहित माहेश्वरी सभा एवं अन्य सहयोगी संगठनों की ओर से महेश मूंगड, अशोक इनानी, मनोज छापरवाल, पुष्प माहेश्वरी, अजय झंवर (सेंधवा), दिलीप लोया (उज्जैन), मधुसूदन भल्लिका, रुपेश भूतड़ा, राजेश मूंगड, सुरेश हेडा, श्रीमोहन सोमानी, गोपाल राठी एवं माहेश्वरी समाज के प्रमुख संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह निर्णय भी लिया गया कि यात्रा में शामिल सभी मातृशक्ति पीताम्बर एवं पुरुष भगवा धोती-कुर्ता या कुर्ता-पायजामा के परिधान में शामिल होंगे। यात्रा परस्पर गार्डन से प्रारम्भ होकर मेन रोड, फूटी कोठी चौराहा, रणजीत हनुमान, नाकोडा से गुमाश्ता नगर स्थित शिव मंदिर पहुंचेगी जहाँ शहर के गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में समाज में एकता और सदभाव के लिए प्रार्थना भी की जाएगी।
यात्रा में भगवान उमा महेश एवं भगवान भोलेनाथ और माँ पार्वती के चमत्कारों पर आधारित 7 झांकियां भी शामिल रहेगी। परस्पर गार्डन पर पहले से ही नर्मदा, क्षिप्रा, गंगा, यमुना, कालीसिंध, चम्बल सहित सप्त नदियों का पवित्र जल एक टेंकर में भरकर रखा जाएगा, जिसे श्रद्धालु अपनी-अपनी कावड़ों में भरकर गुमास्ता नगर स्थित शिव मंदिर पर भगवान शिव का महाभिषेक करेंगे। यात्रा के लिए अब तक 2 हजार भक्तों के पंजीयन हो चुके हैं। यात्रा में उज्जैन का प्रसिद्ध भस्म रमैया भक्त मंडल का डमरू बैंड भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। एक अन्य अखाड़े में 51 सदस्य अपने करतबों का प्रदर्शन करते हुए चलेंगे। यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं समाज की अन्य कुरीतियों के उन्मूलन के सन्देश भी दिए जाएँगे।
