इंदौर
खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम दुधिया में रास्ते की जमीन पर कब्जे और खंबे गाड़ने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के साथ जमकर मारपीट और सरिये से हमला किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, एक पक्ष से फरियादी चंपालाल पिता रामरतन यादव (६७) की रिपोर्ट पर आरोपी अनोखीलाल पिता घीसालाल और गोपाल पिता शंकरलाल दोनों निवासी ग्राम दुधिया के खिलाफ दर्ज किया गया है। फरियादी चंपालाल ने बताया कि सुरेश अग्रवाल के खेत के पास मेन रोड की तरफ आरोपी अपने मजदूरों के साथ बांस-बल्ली लगाकर आने-जाने के रास्ते वाली जमीन पर अतिक्रमण कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध करते हुए कहा कि इस जमीन पर वे खेती करते हैं, तो आरोपियों ने कहा कि यह उनकी निजी जमीन है। आरोपियों ने गालियां देते हुए कहा कि तू हमें जानता नहीं, जमीन पर हमारा ही कब्जा होगा, तुझसे जो बने कर ले और मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं दूसरी ओर, पुलिस ने दूसरे पक्ष के फरियादी अनोखीलाल की रिपोर्ट पर आरोपी चंपालाल पिता रामरतन यादव और उसके बेटे पंकज पिता चंपालाल के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी अनोखीलाल का आरोप है कि उनके घर के पास स्थित खाली जमीन पर आरोपियों ने जबरन खंबे गाड़ दिए थे। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया, तो पिता-पुत्र ने उन्हें गालियां दीं और लोहे के सरिये से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। खुड़ैल थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
