इंदौर बाणगंगा थाना क्षेत्र मे शौचालय के पास एक अज्ञात सिरफिरे व्यक्ति ने युवक से नाम-पता पूछा और मना करने पर अभद्रता करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद सब्जी विक्रेता के बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रदीप अहिरवार ने बाणगंगा थाने में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित प्रदीप ने पुलिस को बताया कि बीती रात वह अपने दोस्त जगदीश कुशवाहा के साथ बाणगंगा वाइन शॉप के सामने स्थित सार्वजनिक शौचालय में बाथरूम करने जा रहा था उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां आया और बिना वजह प्रदीप की छतरी के नीचे आकर खड़े होकर उसका नाम-पता पूछने लगा। जब प्रदीप ने अनजाने व्यक्ति को अपना नाम-पता बताने से इंकार किया, तो आरोपी विवाद करने लगा और धार्मिक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौच पर उतारू हो गया। पीड़ित द्वारा गालियां देने का विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और सीधे प्रदीप के पेट के बाएं हिस्से और सिर पर वार कर दिए। हमले में पीड़ित के बाएं पैर के पीछे भी चाकू से गंभीर चोट आई। चीख-पुकार सुनकर पास ही दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेता धर्मेंद्र ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और पीड़ित की जान बचाई। बाणगंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।
