इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और फिर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दैहिक शो किया और खर्चे के नाम पर कई बार रुपये भी ऐंठे। शादी का दबाव बनाने पर आरोपी ब्लैकमेलिंग पर उतर आया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ३९वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सोनू पिता कन्हैया यादव निवासी साईं नगर, मूसाखेड़ी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी सोनू ने उसे शादी का झांसा दिया था और अपने विश्वास में लेकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी खर्चे के नाम पर पीड़िता से लगातार रुपये भी हासिल करता रहा। जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी सोनू ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, रिलेशनशिप के दौरान खींचे गए फोटो और वीडियो आरोपी के पास मौजूद हैं जिनके आधार पर वह पीड़िता को धमकाने लगा। आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने शादी के लिए दोबारा दबाव बनाया या कहीं शिकायत की, तो वह उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण लेते हुए केस दर्ज करवाया है।
