इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में बायपास सर्विस रोड पर अपनी ही गलती से हुए हादसे के बाद जीप सवार बदमाशों ने उल्टा ट्रक चालक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। ट्रक चालक की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ग्राम छनेरा जिला खंडवा निवासी फरियादी अजय पिता मोहर सिंह बंजारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ट्रक चालक अजय ने पुलिस को बताया कि वह अपना ट्रक लेकर यूनो बिजनेस पार्क के पास बायपास सर्विस रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार जीप क्रमांक एपी ०९ बीपी ०५५५ के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए ट्रक के बाएं तरफ के साइड ग्लास में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में ट्रक का साइड ग्लास टूट गया और जीप को भी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद अजय ने जैसे ही अपने ट्रक को सड़क किनारे रोका, जीप में से चालक अश्विन और उसके दो साथी यशराज व राम ठाकुर नीचे उतरे। तीनों आरोपियों ने उल्टा ट्रक चालक अजय पर ही रौब ़झाड़ते हुए कहा कि तुझे ट्रक चलाना नहीं आता क्या? जब पीड़ित ने उनकी गलती का विरोध जताया, तो तीनों गालियां देने लगे और लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी भी दे गए। कनाड़िया थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी अश्विन, यशराज और राम ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
