अग्रवाल महिला मंडल की नई कार्यकारिणी के शपथ विधि समारोह में अतिथियों के उदगार

इंदौर पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन और कुलदेवी महालक्ष्मी के आशीर्वाद से अग्रवाल समाज की मातृशक्ति ने सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान बनाए हैं। अग्रवाल महिला मंडल मल्हारगंज ने शहर में मातृशक्ति को सामाजिक क्षेत्र में न केवल स्थापित किया है बल्कि समाज की परम्परा और गरिमा के अनुरूप नई पीढ़ी को भी रचनात्मक कार्यक्रमों से जोड़ा है। यह सिलसिला निरंतर चलते रहना चाहिए।
ये प्रेरक विचार हैं अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के उपाध्यक्ष जगदीश गोयल के, जो उन्होंने अग्रवाल महिला मंडल की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती शीला अग्रवाल एवं उनके संचालक मंडल के बाबाश्री रिसोर्ट पर आयोजित शपथ विधि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। अग्रसेन महासभा के पूर्व अध्यक्ष एस एन गोयल समाधान एवं अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष गोविन्द सिंघल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने भी अग्रवाल महिला मंडल की तीन दशक पुरानी गौरवगाथा का उल्लेख करते हुए कहा कि अग्रवाल समाज में महिलाओं को सेवा के क्षेत्र से जोड़ने में महिला मंडल ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी महालक्ष्मी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दिलचस्प बात यह रही कि महिला मंडल की नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की बहुओं ने इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी महालक्ष्मी की आराधना में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का मन मोह लिया। अतिथियों ने सभी बहुओं को पुरुस्कृत और सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर महिला मंडल की प्रमुख परामर्शदाता शोभा जैन एवं संरक्षक श्रीमती चन्द्रकला ऐरन भी उपस्थित थी जिन्होंने अध्यक्ष श्रीमती शीला अग्रवाल के साथ मंत्री निर्मला अग्रवाल, कोषाध्यक्ष चंचल गर्ग, उपाध्यक्ष कृष्णा गर्ग, उपमंत्री बीना बंसल, कार्यवाहक अध्यक्ष श्रीमती राजेश अग्रवाल, संगठन मंत्री उमा गोयल एवं प्रचार मंत्री निर्मला ऐरन सहित कार्यकारिणी को भी समाजसेवा की शपथ दिलाई।
