इंदौर परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदानगर में बेखौफ बदमाशों द्वारा एक कपड़ा कारोबारी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कार सवार युवकों को सही तरीके से गाड़ी चलाने की नसीहत देने पर बदमाशों ने कारोबारी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नंदानगर निवासी भारत पिता मनोज (32) पेशे से कपड़ा कारोबारी हैं, देर रात अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जब वे अपने घर के समीप पहुंचे, तभी रास्ते में एक तेज और लापरवाही से आ रही कार से उनका सामना हुआ। भारत ने जब कार चालक को ठीक से गाड़ी चलाने की नसीहत दी, तो कार सवार बदमाश आपा खो बैठे और बहस करने लगे। विवाद बढऩे पर कार में सवार बदमाशों ने अचानक धारदार चाकू निकालकर भारत पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए। चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल भारत को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
