इंदौर तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम असरावद खुर्द में एक किराना दुकानदार पर फटे नोट को लेकर ग्राहक द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। नोट बदलने की बात पर आरोपी ने दुकानदार को गालियां दीं, दुकान का सामान फेंक दिया और फर्सी के टुकड़े से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ग्राम असरावद खुर्द निवासी फरियादी ओंकार पिता भोलाराम ने तेजाजी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि गांव का ही रहने वाला आरोपी राज रावत उनकी किराना दुकान पर सामान खरीदने आया था। सामान लेने के बाद आरोपी ने 20 रुपये का नोट दिया, जो फटा हुआ था। जब फरियादी ने कहा कि नोट फटा है, तो आरोपी बहस करने लगा कि यह नोट कल उन्होंने ही दिया था।जब फरियादी ने इस बात से इनकार किया और गालियां देने से मना किया, तो आरोपी उग्र हो गया और दुकान में रखा सामान इधर-उधर फेंककर नुकसान पहुंचाने लगा। दुकानदार की कॉलर पकड़ ली और पास ही पड़ी फर्सी का टुकड़ा उठाकर दे मारा, जिससे ओंकार को गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी राज रावत के खिलाफ केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
