इंदौर गौतमपुरा और शिप्रा थाना क्षेत्रों में सायबर जालसाजों ने अलग-अलग तरकीबें अपनाकर तीन लोगों से 2 लाख 9 हजार रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामले दर्ज कर सायबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।गौतमपुरा के रुणजी चौपाटी निवासी राहुल पंड्या से जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड रिन्यू कराने का झांसा देकर 72,510 रुपये अपने फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
क्षिप्रा थाना के मांगलिया निवासी अतुल बाजपेयी का मोबाइल फोन अचानक हैंग कर दिया गया। फोन दोबारा चालू होने पर उनके बैंक खाते से 73,497 रुपये निकलने का मैसेज मिला।वहीं क्षिप्रा थाना क्षेत्र के ग्राम टोड़ी निवासी कप्तान सिंह को टेलीग्राम पर व्यवसाय में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर बदमाशों ने 63,740 ऐंठ लिए। मुनाफा न मिलने पर पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
