इंदौर पंढरीनाथ थाना क्षेत्र के मच्छीबाजार कड़ावघाट इलाके में पारिवारिक रंजिश को लेकर मारपीट का एक मामला सामने आया है। पुराने विवाद की बात को लेकर एक युवक ने अपने ही बुजुर्ग चाचा के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोट आई है और खून बहने लगा। चीखपुकार सुनकर पीडि़त के बेटे ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पंढरीनाथ पुलिस के अनुसार, पीडि़त लक्ष्मीनारायण पिता दशरथ सूर्यवंशी (60) निवासी मच्छीबाजार कड़ावघाट ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह अपने घर पर मौजूद थे, तभी उनके बड़े भाई हनुमान का लडक़ा यश सूर्यवंशी वहां आ धमका। आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर आते ही जोर-जोर से गालियां देने लगा। जब फरियादी ने उसे अपशब्द कहने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गया और उसने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी यश ने पास में ही पड़ा एक लकड़ी का डंडा उठाकर अपने चाचा लक्ष्मीनारायण के सिर पर माथे की तरफ दाहिनी ओर दे मारा, जिससे सिर में गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा। घटना को देखकर फरियादी का बेटा सिल्की तुरंत दौड़ा और बीच-बचाव कर अपने पिता को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। मौके से भागते समय आरोपी यश धमकी दे गया कि आज तो बच गया, आइंदा उलझने की कोशिश की तो जान से खत्म कर दूंगा। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी यश सूर्यवंशी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
