इंदौर
अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राजकुमार मिल क्षेत्र में गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे तस्करों को घेराबंदी कर दबोचा। आरोपियों के कब्जे अवैध एमडी ड्रग्स और वारदात में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की। पकड़ा गया एक आरोपी पूर्व में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त रहा है। डीसीपी राजेश त्रिपाठी के अनुसार क्राइम ब्रांच टीम एमआर-4 रोड पर राजकुमार मिल के पास स्थित योगेंद्र सद्गुरु शीलनाथ आश्रम के सामने गश्त व चैकिंग ़के दौरान काले रंग की बजाज पल्सर बाइक पर सवार दो युवक संदेहास्पद स्थिति में दिखाई दिए। पुलिस ने देखा कि बाइक की आगे और पीछे की दोनों नंबर प्लेटें मुड़ी हुई थीं। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों आरोपी घबराकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शाकिर और मोहम्मद अली दोनों निवासी थाना चंदन नगर, इंदौर बताया। संदेहास्पद आचरण के चलते जब वाहन की तलाशी ली गई, तो बाइक के मास्क के अंदर छिपाकर रखी गई एक थैली मिली, जिसमें से 12.13 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुआ। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये और पल्सर बाइक की कीमत 1 लाख रुपये मिलाकर कुल 2.20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपी शाकिर एल्युमिनियम की खिड़की-दरवाजे बनाने का काम करता है, जबकि मोहम्मद अली ऑटो रिक्शा चलाता है। आरोपी मोहम्मद अली शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ चंदन नगर थाना में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर नशे के इस काले कारोबार के मुख्य नेटवर्क, सप्लायरों और खरीददारों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
