
मप्र उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रमोद अग्रवाल, मंत्री विजयवर्गीय और सिंहस्थ मेला समिति के अध्यक्ष भी आए मेहमान बनकर
इन्दौर
श्रीअग्रसेन महासभा की मेजबानी में राजीव गाँधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर चल रहे दो दिवसीय अभा युवक-युवती परिचय सम्मेलन में करीब 80 रिश्ते तय होने की स्थिति में पहुँच गए हैं। रविवार होने से आज सम्मेलन स्थल पर करीब 3 हजार समाज बंधुओं की मौजूदगी के कारण मैदान और पांडाल छोटा पड गया। सुबह मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री प्रमोद अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन का चित्र पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर समापन दिवस की कार्रवाई का शुभारंभ किया तो दोपहर के सत्र में राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी सम्मेलन में पहुंचकर महासभा के पदाधिकारियों एवं प्रत्याशियों-पालकों का उत्साहवर्धन किया वहीं शाम को उज्जैन सिंहस्थ मेला समिति के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल एवं उज्जैन नगर भाजपा के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में समापन किया गया।
दो दिवसीय इस परिचय सम्मेलन में देश के 12 राज्यों से 2500 से अधिक प्रविष्ठियां प्राप्त हुई थी। शनिवार को 350 प्रत्याशियों ने मंच से अपने परिचय दिए तो रविवार को 500 से अधिक प्रत्याशियों ने सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक मंच पर पहुंचकर अपनी बात रखी। महासभा के अध्यक्ष राजेश जिंदल, सचिव अनूप सिंघल, प्रमुख संयोजक मोहनलाल बंसल, अरुण आष्टावाले, सतीश मंगल, गोपाल गुप्ता, प्रमोद बिंदल, संजय पाटनी, नितिन अग्रवाल, तिलोकचंद अग्रवाल, अजय अग्रवाल आदि ने सभी मेहमानों का स्वागत किया। वरिष्ठ समाजसेवी टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल, पीडी अग्रवाल कांट्रेक्टर, महेंद्र अग्रवाल, विकास गोयल सहित सम्मेलन के सहयोगी बंधु पूरे समय उपस्थित रहे जिनके प्रयासों से शाम तक 80 रिश्तों पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया।
प्रमुख संयोजक मोहनलाल बंसल ने बताया कि परिचय पुस्तिका का वितरण सम्मेलन शुरू होते ही कर दिए जाने से प्रत्याशियों एवं पालकों ने अपनी पसंद के प्रत्याशियों से सम्पर्क शुरू कर दिया जिससे बहुत कम समय में योग्य प्रत्याशियों के चयन का दौर चलता रहा। शाम तक करीब 80 रिश्तों पर दोनों पक्षों में चर्चा शुरू होने की सूचना मिली। इस बीच सम्मेलन में आए अतिथियों ने भी सम्मेलन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आयोजकों को बधाई देते हुए प्रमुख संयोजक मोहनलाल बंसल का भी सम्मान किया जिन्होंने 81 वर्ष की आयु में भी इस पूरे सम्मेलन की बागडौर कुशलता पूर्वक संभाली और अपनी पूरी टीम को जोड़े रखा। देर रात तक परिचय सम्मेलन का सिलसिला चलता रहा। उम्मीद है कि 100 से अधिक रिश्तों पर सहमति बन जाएगी।
