
रजत मंडित मंडप में विराजित माँ के दर्शनार्थ उमड़ रहा भक्तों का सैलाब – आज महाष्टमी एवं नवमी पर विशेष आहुतियाँ
इंदौर, विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में चल रहे शारदीय नवरात्र महोत्सव में सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में आचार्य पं. राजेश शर्मा तथा अन्य सहयोगी 21 विद्वानों के निर्देशन में आहुतियों का क्रम आज भी जारी रहा। अब तक यहां 1 लाख 51 हजार आहुतियां संपन्न हो चुकी हैं। रविवार को महाष्टमी एवं महानवमी पर संयुक्त रूप से माँ को प्रिय व्यंजनों की आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी। महायज्ञ के कारण प्रतिदिन समूचा विद्याधाम परिसर मातारानी के जयघोष से गुंजायमान बना हुआ है। रविवार को मां से समाज एवं राष्ट्र में सुख, शांति एवं सदभाव की प्रार्थना की जाएगी। मन्दिर पर रजत मंडित मंडप में विराजित माँ भगवती के दर्शनार्थ भक्तों का सैलाब दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा, सुश्री उमा शुक्ला एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि मंदिर स्थित मां भगवती के सभी स्वरूपों का मनोहारी श्रृंगार प्रतिदिन किया जा रहा है। आचार्य पं. लोकेश शर्मा एवं उनके साथियों ने मातारानी का मनोहारी श्रृंगार किया। शारदीय नवरात्रि में आश्रम पर सुबह 7 बजे से वेदपाठ, सायं 6 बजे से ललिता सहस्त्र नामावली से सामूहिक लक्ष्यार्चन, सायं साढ़े सात बजे महाआरती और रात नौ बजे ललिता सहस्त्र नामावली से सामूहिक लक्ष्यार्चन आराधना का क्रम पहले दिन से ही जारी है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु इन सभी अनुष्ठानों में उत्साहपूर्व शामिल हो रहे हैं। शाम को 108 दीपों से भगवती की आरती में भी सैकड़ों श्रद्धालु आकर पुण्य लाभ उठा रहे हैं। आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री, पं. योगेश पराशर सहित 21 विद्वानों के निर्देशन में सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में दुर्गा सप्तशती से हवन जारी हैं। ललिता सहस्त्रनाम से हवन तथा मां को प्रिय व्यंजनों की आहुतियां रोजाना समर्पित की जा रही हैं। अपरान्ह में श्री दुर्गा सप्तशती से भी हवन किया जा रहा है। यज्ञशाला में प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक चल रहे सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में बड़ी संख्या में यजमान आहुतियां समर्पित कर रहे हैं। अब तक यहाँ 1 लाख 51 हजार आहुतियां संपन्न हो चुकी हैं। रविवार को विशेष आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी तथा मातारानी का मनोहारी श्रृंगार भी होगा।
