इंदौर संस्था अग्रश्री कपल्स ग्रुप की मेजबानी में रविवार 25 अक्टूबर को शाम 6.30 बजे से माणिक बाग रोड, चोईथराम हॉस्पिटल के पास स्थित गुरु अमरदास हॉल पर अग्रश्री अमृत बेला गरबा महोत्सव का दिव्य आयोजन होगा।
संस्था की ओर से स्वाति-राजेश मंगल एवं शीतल-रवि अग्रवाल ने बताया कि समाजसेवी सपना- कुलभूषण मित्तल कुक्की की प्रेरणा से हो रहे इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण “झूमेगा इंदौर, खेलेगा तम्बोला” रहेगा जिसमें डांस इंडिया डांस (डीआईडी) के प्रख्यात कलाकारों द्वारा मनमोहक गरबा प्रस्तुतियों के अलावा प्रख्यात कलाकार शुभम कालरात्रि भी विशेष प्रस्तुति देंगे। महोत्सव के लिए सभा गृह में शॉपिंग स्टाल एवं फ़ूड ज़ोन भी उपलब्ध रहेंगे। तम्बोला में वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव, कूलर, एलईडी टीवी जैसे लाखों के पुरस्कार भी रखे गए हैं। समूचा महोत्सव सिमरन अग्रवाल, ऋषिका अग्रवाल, ऋषभ अग्रवाल एवं निकुंज अग्रवाल की टीम द्वारा संजोया जा रहा है। महोत्सव की थीम “वसुधैव कुटुम्बकम अवार्ड –समय का सफर, परम्परा से आधुनिकता की ओर” विषय पर केन्द्रित रहेगी। शहर में संस्कृति और परम्परा के संगम का समन्वय इस महोत्सव में देखने को मिलेगा।
