इंदौर बाणगंगा थाना क्षेत्र के अवंतिका ढाबे के सामने मामूली बात को लेकर अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस अचानक हुई वारदात में युवक की पीठ और हाथ के अंगूठे में गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र के अवंतिका ढाबे के सामने स्थित एक गुमटी के पास हुई। फरियादी खुशाल पिता राजेन्द्र सालुंके, निवासी गोविंद नगर ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने दोस्तों के साथ अवंतिका ढाबे के सामने गुमटी पर पान खाने गया था।शिकायत में खुशाल ने बताया कि जब वे वहां खड़े थे, तभी दो अज्ञात व्यक्ति वहां आए और उससे कहने लगे कि तुम यहां क्या कर रहे हो? जब खुशाल ने जवाब दिया कि वह अपने दोस्तों के साथ खड़ा है, तो इसी बात पर दोनों बदमाश भडक़ गए और बेवजह विवाद करने लगे।विवाद बढऩे पर उनमें से एक आरोपी ने अचानक अपने पास से चाकू निकाला और खुशाल की बांयी तरफ पीठ के पीछे जोरदार वार कर दिया। जब खुशाल ने खुद को बचाने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने चाकू से उसके बांये हाथ के अंगूठे पर भी हमला कर दिया। वहीं, हमलावर के दूसरे साथी ने उसके साथ हाथ-मुक्को से जमकर मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
