चातुर्मास के लिए इंदौर आए जैनाचार्यों की प्रेरणा से जैन श्वेताम्बर समाज के 100 युवा जाएंगे अलग-अलग क्षेत्रों में
इंदौर, 19 अक्टूबर। श्री जैन श्वेताम्बर समाज की सेवाभावी एवं समर्पित संस्था श्री नवकार परिवार के कल्याण मित्रों ने इस बार दीपावली पर शहर में फुटपाथों पर बैठकर अपनी रोजी-रोटी चलाने वाले छोटे हॉकर्स एवं फुटकर धंधा करने वालों के लिए सेवा का अनूठा संकल्प किया है। दीपावली जैसे मुख्य महापर्व पर सोमवार, 20 अक्टूबर को श्री नवकार परिवार के 100 युवा शहर के राजबाड़ा, एयरपोर्ट रोड, मालवा मिल, पाटनीपुरा, तिलक नगर एवं महूनाका सहित उन सभी क्षेत्रों में पहुंचकर फुटपाथ पर धंधा करने वाले लोगों को भोजन के 2 हजार पैकेट्स का निशुल्क और सम्मानजनक वितरण करेंगे। यह अभिनव सेवा सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी और व्यवस्था इस तरह की गई है कि शहर के दूरस्थ फुटपाथों पर बैठने वालों को भी दोपहर डेढ़ बजे तक भोजन के पैकेट्स मिल जाएं।
शहर में चातुर्मास के लिए पधारे हुए जैन संतों की प्रेरणा से श्री नवकार परिवार ने यह संकल्प लिया है। इसके तहत सुबह 11 बजे नवकार परिवार के सभी सदस्य भ. महावीर मार्ग (पीपली बाजार) स्थित भगवान श्री आदिनाथ महावीर स्वामी मंदिर में दर्शन के बाद पीपली बाजार स्थित उपाश्रय मे बने स्वर्ण मंदीर मे 16 दिवसीय सूरी मंत्र की पीठिका की कठोर साधना मे विराजित जैनाचार्य प.पू. श्री विश्वरत्न सागर सूरीजी म.सा. को वंदन कर संस्था के मार्गदर्शक प.पू. आचार्य भगवंत श्री आनंदचंद्र सागरसूरीजी म.सा. एवं प.पू. अध्यात्म योगी मुनि श्री ऋषभचंद्र सागरजी म.सा. की प्रेरणा से यह अभियान प्रारंभ करेंगे। पीपली बाजार से श्री नवकार परिवार के करीब 100 सदस्य 10-10 के समूहों में बंटकर अपने-अपने वाहनों से शहर के फुटपाथ पर धंधा करने वाले लोगों तक पहुंचेंगे और उन्हें भोजन पैकेट्स भेंट करेंगे। भोजन में पूड़ी, सब्जी, मिठाई और नमकीन रहेंगे। करीब 2 हजार पैकेट्स का निर्माण सुबह से शुरू हो जाएगा और 11 बजे तक सभी पैकेट्स भगवान महावीर मार्ग (पीपली बाजार) बुलवाकर विभिन्न क्षेत्रों में फुटपाथ पर तोरण द्वार के लिए फूलों की मालाएं, भगवान के फोटो और अन्य तस्वीरों, रंगोली, रोशनी और अन्य प्रतिमाओं की दुकानें लगाने वालों को ससम्मान भेंट करेंगे।
उल्लेखनीय है कि दीपावली के दिन ही भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक दिवस एवं प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन जैसे प्रसंग जुड़े होने से जैन श्वेताम्बर समाज की सेवाभावी संस्था नवकार परिवार के सदस्यों ने यह अनूठा संकल्प लिया है। कोशिश यह भी की जा रही है कि प्रति वर्ष शहर में बाहर से आकर फुटपाथ पर धंधा करने वालों के लिए इसी तरह की अन्य सेवाएं भी शुरू की जाए।
