
सामग्री का लोकार्पण किया जैन आचार्यों ने
इंदौर, । स्कीम 54, सत्य साईं स्कूल के पीछे स्थित कृत्रिम अंग केंद्र ने नशे की लत से आम लोगों, विशेषकर युवाओं को मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से नशा मुक्ति अभियान प्रारंभ किया है। अभियान की प्रचार सामग्री का विमोचन जैनाचार्य विनम्र सागर म.सा. एवं विज्ञ सागर म.सा. ने दिगंबर जैन पार्श्वनाथ पंच बालयति मंदिर स्कीम 54 में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी हरि अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य एवं विश्व ब्राह्मण समाज संघ के अध्यक्ष पं. योगेन्द्र महंत की अध्यक्षता में किया।
इस अवसर पर आचार्यश्री ने केंद्र के सेवाकार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नशा ही समाज के नाश का मुख्य कारण है। नशे से हमारी युवा पीढ़ी को दूर करने के हरसंभव प्रयास किए जाना चाहिए। प्रारंभ में केंद्र की ओर से श्रीमती वीणा जैन, विनय जैन, राजीव जैन, सुरेश भलैया, धर्मेन्द्र जैन, जिनेश भलैया, डी के जैन, कुमुद जैन, नीता कासलीवाल, शकुन जैन एवं किरण जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अंत में केंद्र के प्रमुख विनय जैन ने नशामुक्ति अभियान में सबके सहयोग का आह्वान करते हुए आभार व्यक्त किया।
