
इंदौर, 25 अक्टूबर। नगर निगम द्वारा श्यामाचरण शुक्ल नगर, दूरदर्शन केंद्र के पास नवनिर्मित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर की व्यवस्थाओं का जिम्मा अग्रवाल समाज की सेवाभावी संस्था गोयल पारमार्थिक ट्रस्ट को सौंपा गया है। शनिवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव की मौजूदगी में विधायक गोलू शुक्ला ने इस क्लीनिक का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के पार्षद मृदुल अग्रवाल एवं एमआईसी सदस्य मनीष मामा भी अतिथि के रूप में मौजूद थे। प्रारंभ में गोयल पारमार्थिक ट्रस्ट की ओर से संयोजक किशोर गोयल एवं राम एरन, तथा सेवानिवृत्त न्यायाधीश सत्येन्द्र जोशी, राजू समाधान एवं के के गोयल महासंघ आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। यह क्लीनिक क्षेत्र के आम नागरिकों के लिए सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक निःशुल्क खुला रहेगा एवं यहाँ आने वाले मरीजों को दवाई सहित सभी तरह की चिकित्सकीय सुविधाएँ निःशुल्क मिलेगी। क्लीनिक पर महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक-पृथक ओपीडी भी बनाई गई है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस अवसर पर गोयल पारमार्थिक की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए शहर की अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी विभिन्न वार्डों में बनाए गए संजीवनी क्लीनिक के संचालन में सहयोग का आग्रह किया। शुभारंभ समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक भी उपस्थित थे।
