इंदौर। सरवटे बस स्टैंड पर बस में एक नवजात मिला है। कंडक्टर ने तत्काल छोटी ग्वालटोली पुलिस को सूचना दी और मौके पर बुलाया। पुलिस कंडक्टर और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
घटना मंगलवार दोपहर एक बजे के बाद की है। सरवटे बस स्टैंड से सनावद की ओर जाने के लिए बस जाने वाली थी। इस बीच एक दंपती बस में चढ़े। और कुछ देर बाद वे कंडक्टर को सामान लाने का कहकर उतर गए।
कंडक्टर ने पुलिस को बताया कि बस में चढ़ते समय उनके हाथ में नवजात था, लेकिन उतरते समय नहीं। लेकिन सवारियां अधिक होने के कारण उसका ध्यान इस बात की ओर नहीं गया। जब वह काफी देर तक नहीं लौटे तो कंडक्टर ने सीट के पास जाकर देखा। कुछ यात्रियों ने भी कंडक्टर को सूचना दी।
दंपती बच्चे को लेकर पीछे की ओर बैठे थे। ताकि किसी का ध्यान इस ओर न जाए। बताया जा रहा है कि वे बस में आगे की ओर से चढ़े और पीछे बने दूसरे दरवाजे से उतर गए।
दंपती काफी देर तक नहीं लौटे तो कंडक्टर ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस ने नवजात को कस्टडी में लेकर कंडक्टर से पूछताछ शुरू की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी बच्चे को छोड़कर जाने वाले दंपती की तलाश कर रही है।
