सिलेबस पूरा नहीं होने से और विद्यार्थियों के नामांकन की प्रक्रिया के चलते (डीएवीवी) ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के पहले सेमेस्टर परीक्षाओं में बदलाव कर इन्हे 15 दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। पहले ये परीक्षाएं 20 नवंबर से शुरू होने वाली थीं, लेकिन अब इन्हें पांच दिसंबर के बाद आयोजित किया जाएगा।

यह निर्णय मंगलवार को प्राचार्यों की बैठक में लिया गया, यदि नवंबर में परीक्षा आयोजित की जाती है, तो छात्रों के परिणामों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता । प्राचार्यों की इस मांग को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
बैठक की अध्यक्षता कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई ने की। इसमें रजिस्ट्रार प्रज्वल खरे, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी, असिस्टेंट रजिस्ट्रार डॉ. विष्णु मिश्रा, डीसीडीसी डॉ. सचिन शर्मा सहित विभिन्न कालेजों के प्राचार्य और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्राचार्यों ने पीजी की परीक्षा से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की। इसके बाद विश्वविद्यालय ने नई परीक्षा तिथि और टाइम टेबल जल्द जारी करने का आश्वासन दिया। वहीं, पीजी थर्ड सेमेस्टर की परीक्षाएं निर्धारित समय पर यानी एक नवंबर से ही कराई जाएंगी।
