इंदौर। थाना तेजाजी नगर क्षेत्र में एक युवक पर उसकी मां और छोटे भाई ने लोहे की सांकल से हमला कर दिया। मामला घरेलू विवाद का बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरियादी सूरज डाबी (23) निवासी नई बस्ती, शमशान घाट के पास, तेजाजी नगर ने बताया कि उसकी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसकी जानकारी उसने अपनी नानी को फोन पर दी। इसी बात पर नाराज होकर शुक्रवार सुबह उसकी मां गायत्री बाई और छोटा भाई करण उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
सूरज के अनुसार, जब उसने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उसकी मां ने साथ लाई लोहे के तार वाली सांकल से उस पर हमला कर दिया। इससे उसके दोनों पैरों की पिंडलियों, बाएं कान और सिर के बाईं तरफ चोटें आईं।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूरज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी मां गायत्री बाई और भाई करण के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
