खाटू श्याम बाबा के जयघोष से दिनभर
गुंजायमान होता रहा साजन नगर क्षेत्र

इंदौर, 1 नवंबर। नवलखा स्थित साजन नगर में भक्तों के सहयोग से खाटू श्याम बाबा एवं भगवान नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पर शनिवार को खाटू श्याम बाबा के जयघोष से समूचा क्षेत्र गुंजायमान होता रहा। यहाँ योग टेम्पल वाली गली में नवनिर्मित मंदिर में खाटू श्याम बाबा के शीश की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा सुबह अभिजीत मुहूर्त में संपन्न हुई वहीँ संध्या को श्याम बाबा का जन्मोत्सव भी मनाया गया और भजन संध्या में भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। सुबह से देर शाम तक चले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में अग्रवाल-वैश्य सहित साजन नगर क्षेत्र के रहवासियों ने भाग लिया।
आयोजन के प्रमुख सुरेश रामपीपलिया एवं साजन नगर रहवासी संघ के अध्यक्ष सुजीत शर्मा ने बताया कि इंदौर श्याम प्रेमी संघ के तत्वावधान में शुकवार को आचार्य पं. पुरुषोत्तम भारद्वाज के सानिध्य में दो दिवसीय महोत्सव की शुरुआत जयपुर से बुलवाई गई बाबा के शीश की प्रतिमा का जलाधिवास और शनिवार को सुबह अन्नाधिवास एवं फलाधिवास की रस्में संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वानों ने विधि-विधान से श्याम बाबा के शीश की आध्यात्मिक ऊर्जा का आह्वान भी किया। संध्या को बाबा का जन्मोत्सव, पूजन एवं मंगल आरती के बाद भजन संध्या का क्रम शुरू हुआ, जो देर रात तक चला। इस दौरान बार-बार खाटू श्याम बाबा के जयघोष से समूचा क्षेत्र गुंजायमान बना रहा। अग्रवाल समाज के अनेक प्रमुख बंधु इस उत्सव के साक्षी बने। महाप्रसादी के साथ समापन हुआ। यह मंदिर आम लोगों के लिए रविवार से सुबह 7 से 12 और शाम को 6 से 10 बजे तक दर्शनार्थ खुला रहेगा।
