
इंदौर, । माली मोहल्ला, एमओजी लाइन्स स्थित श्री महाप्रचंड हनुमान मंदिर पर संत श्री लादुनाथजी महाराज गुरु आश्रम न्यास समिति (ट्रस्ट) के तत्वावधान में मालवा, निमाड़ एवं मेवाड़ के तपोनिष्ठ संत ब्रह्मलीन सद्गुरु लादुनाथ महाराज की प्रेरणा से दो दिवसीय 26वां चातुर्मास समापन उत्सव एवं अन्नकूट महोत्सव आज सुबह अखंड रामायण पाठ के साथ महंत रामकिशन महाराज के सानिध्य में प्रारंभ हुआ। इसके पूर्व चातुर्मास के दौरान चल रहे महामृत्युंजय पाठ की भी पूर्णाहुति हुई। मुख्य महोत्सव मंगलवार को शाम 5 बजे से 56 भोग समर्पण, महाआरती के पश्चात महाप्रसादी वितरण के साथ प्रारंभ होगा। अखंड रामायण पाठ में महंत रामकिशन महाराज के सानिध्य में दामोदर सुईवाल, मयूर सुईवाल, विजय अग्रवाल, बंकटलाल पांडिया, बाबूलाल जैन, रमेश खरवड, नीरज जैन, जितेन्द्र जैन, घनश्याम गुप्ता, रामलाल सावरवाल, रोहित सियोटा एवं सत्यनारायण जाट ने अखंड रामायणपाठ में भाग लिया। इन्हें मंगलवार को होने वाले महोत्सव की विभिन्न समितियों का जिम्मा सौंपा गया है।
आश्रम के महंत रामकिशन महाराज के सानिध्य में पुजारी योगेश एवं सचिन सुईवाल ने बताया कि मंगलवार 4 नवंबर को बैकुंठ चतुर्दशी पर सुबह 9 बजे हवन-पूजन के साथ अखंड रामायण पाठ का समापन तथा शाम 5 बजे से 56 भोग समर्पण एवं महाआरती के बाद महाप्रसादी का क्रम शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर मालवा, निमाड़ एवं मेवाड़ क्षेत्र के संत-महंत एवं श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
