
इंदौर । माली मोहल्ला, एमओजी लाइन्स स्थित श्री महाप्रचंड हनुमान मंदिर पर संत श्री लादुनाथजी महाराज गुरु आश्रम न्यास समिति (ट्रस्ट) के तत्वावधान में मालवा, निमाड़ एवं मेवाड़ के तपोनिष्ठ संत ब्रह्मलीन सद्गुरु लादूनाथ महाराज की प्रेरणा से प्रारंभ हुए अखंड रामायण पाठ का विराम मंगलवार को यज्ञ हवन के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुतियाँ प्रदान की।
आश्रम पर 26वें चातुर्मास समापन उत्सव एवं अन्नकूट महोत्सव की श्रृंखला में सोमवार से प्रारंभ हुए अखंड रामायण पाठ का विराम आज सुबह महंत रामकिशन महाराज के सानिध्य में यज्ञ-हवन के साथ हुआ। इस अवसर पर अखंड रामायण पाठ में महंत रामकिशन महाराज के सानिध्य में दामोदर सुईवाल, मयूर सुईवाल, विजय अग्रवाल, बंकटलाल पांडिया, बाबूलाल जैन, रमेश खरवड, नीरज जैन, जितेन्द्र जैन, घनश्याम गुप्ता, रामलाल सावरवाल, रोहित सियोटा एवं सत्यनारायण जाट सहित अनेक भक्तों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। अन्नकूट महोत्सव में शामिल होने के लिए मालवा, निमाड़ एवं मेवाड़ क्षेत्र के अनेक संत-महंत एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में आश्रम पर पहुँच गए हैं।
