इंदौर। विजय नगर इलाके में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऐसे बस चालक को गिरफ्तार किया है, जो गांजा और शराब दोनों के नशे में बस चला रहा था। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के साथ-साथ एनडीपीएस एक्ट के तहत भी सख्त कार्रवाई की है। विजय नगर पुलिस के मुताबिक, एनआरके बिजनेस पार्क के सामने पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान, बस क्रमांक एमपी ०९ एआर ५०५५ को रोका गया। बस चला रहे चालक की संदिग्ध हरकतों के कारण उसकी जांच की गई। जांच में चालक सुरेश पिता परसराम चौधरी निवासी लाहिया कॉलोनी पूरी तरह नशे में पाया गया। पुलिस ने पुष्टि की कि उसने गांजा का सेवन करने के साथ ही शराब भी पी रखी थी। वह बस को तेजी और लापरवाही पूर्वक लहराते हुए चला रहा था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने तत्काल चालक को हिरासत में ले लिया और बस जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन के साथ ही एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
