इंदौर राऊ थाना क्षेत्र के सिलिकॉन सिटी में देर रात पुराने विवाद को लेकर दो नामजद आरोपियों ने सैंडविच की दुकान में घुसकर संचालक पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटना के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। राऊ पुलिस के अनुसार, मारपीट की घटना बीती रात करीब १२:३० बजे सिलिकॉन सिटी स्थित अजंता सैंडविच दुकान पर हुई। फरियादी लक्की पिता गोपालदास मीरचंदानी निवासी सुदामा नगर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अनिकेत मालवीय, अनुज मालवीय और उनके अन्य साथियों सभी निवासी सिलिकॉन सिटी के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी लक्की मीरचंदानी ने पुलिस को बताया कि वह रात को अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहा था। तभी आरोपी अचानक दुकान के अंदर घुस आए और पुरानी किसी बात को लेकर गालियाँ देने लगे। जब लक्की ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो आरोपियों ने उसके साथ हाथों और मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी
और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने बताया कि दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की घटना कैद हुई है। फुटेज के आधार पर नामजद आरोपियों और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
