इंदौर भंवरकुआं पुलिस ने नकली उत्पादों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, ब्रांडेड कंपनी ‘टाटा नमक’ की डुप्लीकेट पैकिंग में भरा भारी मात्रा में नमक जब्त किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से यह नकली माल पकड़ा और इस गोरखधंधे में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भंवरकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत बारदान मंडी पालदा के पास की गई। पुलिस चेकिंग के दौरान एक आईसर ट्रक को रोका गया। पुलिस ने जब ट्रक चालक सलमान पिता सलीम खान निवासी सिरपुर से माल के संबंध में पूछताछ की, तो उसने बताया कि यह सामान उसके साथी रतनलाल पिता रमेश जांगिड़ निवासी जानकी नगर का है, जिसने उसका ट्रक किराए पर लिया था। पुलिस ने जब आरोपी रतनलाल जांगिड़ से नकली टाटा नमक बेचने के संबंध में शिकायत प्राप्त होने की बात कहते हुए ट्रक में रखे माल की तलाशी लेने की बात कही। रतनलाल की सहमति के बाद जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें टाटा नमक के १५० कट्टे पाए गए, जिनमें से प्रत्येक कट्टे में १ किलो की ३० थैलियां थीं। जांच अधिकारी ने जब इन थैलियों की जांच की, तो पाया गया कि सभी कट्टों में भरी नमक की थैलियां हुबहू टाटा नमक की असली पैकिंग की तरह दिखती थीं, लेकिन ये पूरी तरह से नकली पैकिंग में थीं। पुलिस के अनुसार, यह नकली नमक असली टाटा नमक के रूप में बेचा जा रहा था, जिससे न सिर्फ अवैध लाभ कमाया जा रहा था, बल्कि कंपनी के कॉपीराइट नियमों का भी गंभीर उल्लंघन हो रहा था। पुलिस ने सलमान खान और रतनलाल जांगिड़ को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे रैकेट के सप्लाई चेन और मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है।
