इंदौर । क्षिप्रा थाना इलाके के एक गांव में एक पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जहां दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए, उनमें लात-घूंसों के साथ लाठियां भी चलीं। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। क्षिप्रा पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना ग्राम बजरंग पालिया स्थित शिव मंदिर के पास की है। दोनों पक्षों में यह झगड़ा पुराने विवाद की रंजिश को लेकर शुरू हुआ। पुलिस ने एक पक्ष की ओर से फरियादी प्रेम पिता देवाजी बाढ़ोलिया की रिपोर्ट पर आरोपी विनोद पिता रमेश बाढ़ोलिया और रमेश पिता पन्नालाल बाडोलिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरियादी प्रेम ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने पुराने झगड़े को लेकर उन्हें गालियां दीं। जब गाली देने से मना किया गया, तो आरोपियों ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी है। वहीं, दूसरे पक्ष से फरियादी रमेश पिता पन्नालाल की शिकायत पर पुलिस ने प्रेम पिता देवाजी बाढ़ोलिया और इंदर पिता प्रेम के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। फरियादी रमेश ने पुलिस को बताया कि आरोपी शराब के नशे में थे और उन्होंने पुराने विवाद की बात को लेकर गालियां देना शुरू कर दिया। रमेश के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, लात-घूंसों से पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी।
