इंदौर । बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा में पारिवारिक विवाद के चलते मायके में रह रही एक महिला पर उसके पति ने जानलेवा हमला कर दिया। पति अपनी पत्नी को जबरदस्ती छोडक़र बच्चों को अपने साथ ले जाने आया था। विरोध करने पर, उसने तेजधारदार स्टील की ब्लेड से महिला के गले पर 3- 4 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। भागीरथपुरा निवासी खुशबू कोरी ने बाणगंगा पुलिस को शिकायत दी है कि उसका पति नीरज कोरी आए दिन मारपीट करता था, इसलिए वह अपने बच्चों के साथ अपने माता-पिता के घर रहने चली गई थी। बीती शाम करीब 6 बजे, खुशबू अपने मायके में माँ कलाबाई कोरी और बच्चों के साथ थी तभी पति नीरज कोरी वहाँ पहुँचा। उसने जोर-जबरदस्ती से बच्चों को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। जब खुशबू और उसकी माँ ने इसका विरोध किया, तो नीरज ने गालीगलौज शुरू कर दी। गालियाँ देने से मना करने पर, नीरज ने अपने हाथ में छिपा रखी एक नुकीली ब्लेड निकाली और जान से मारने की नीयत से खुशबू के गले पर 3-4 बार वार कर दिए। इस जानलेवा हमले में खुशबू का गला कट गया और उसे बाएँ गाल तथा बाएँ आँख के पास भी गंभीर चोटें आईं। बाणगंगा पुलिस ने खुशबू की रिपोर्ट पर आरोपी पति नीरज कोरी के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।
