इंदौर । तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में बीती रात एक ढाबा संचालक पर मामूली विवाद में चाकू से हमला कर दिया। ढाबा संचालक ने रात १२ बजे दुकान बंद कर दी थी, जिसके बाद एक आरोपी वहां पहुंचा और खाना देने की मांग करने लगा, मना करने पर आरोपी ने संचालक पर चाकू से हमला कर दिया। घायल को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार, फरियादी ताराचंद पिता राधेश्याम निवासी मूसाखेड़ी का तेजाजी नगर इलाके में पंजाबी ढाबा है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात लगभग १२ बजे उन्होंने अपना ढाबा बंद कर दिया था। ढाबा बंद करने के बाद, आरोपी वहां पहुंचा और खाना देने की मांग करने लगा तो फरियादी ताराचंद ने ढाबा बंद होने का हवाला देते हुए खाना देने से मना कर दिया। ढाबा बंद होने की बात सुनकर आरोपी आग बबूला हो गया और उसने फरियादी ताराचंद पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ताराचंद को तुरंत आसपास के लोगों की मदद से एमवाय अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
