इंदौर
बड़गोंदा थाना इलाके के मांगलिया गांव में खेत की मेड़ खोदने को लेकर उपजे विवाद में तीन युवकों ने एक ग्रामीण पर डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल हुए युवक ने थाने पहुँचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बड़गोंदा पुलिस के मुताबिक घटना ग्राम मांगलिया की है। घायल युवक की पहचान सुनील पिता सुरेश के रूप में हुई है। सुनील की रिपोर्ट पर आरोपी जितेन्द्र, मनोज और रवि के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।फरियादी सुनील ने पुलिस को बताया कि आरोपी खेत की मेड़ खोद रहे थे, जिसका विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सुनील ने गालियाँ देने से मना किया, तो तीनों आरोपियों ने मिलकर उस पर डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया। हमले में सुनील को गंभीर चोटें आईं। हमले को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते उन्होंने फरियादी को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
