कलेक्टर श्री वर्मा की अध्यक्षता में लोहा व्यापारी एसोसिएशन और यातायात विभाग की संयुक्त बैठक सम्पन्न

इंदौर
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज रेसीडेंसी कोठी पर लोहा व्यापारी एसोसिएशन इंदौर और यातायात विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि इंदौर में प्रदेश की सबसे बड़ी लोहा मंडी है। यहाँ बड़ी संख्या में ट्रॉन्सपोर्ट व्यापारी है और यहाँ से प्रदेश और देशभर में भारी वाहनों की आवाजाही होती है। शहर में लोहा मंडी के अलावा पालदा, नवलखा और बड़ी संख्या में देवास नाका क्षेत्र में ट्रॉन्सपोर्ट होता हैं। पालदा से लेकर तीन ईमली, नवलखा चौहारा, अग्रसेन चौराहा से लेकर लोहा मंडी तक रोजाना बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती है। इस वजह से इस मार्ग पर बार-बार यातायात बाधित होता है। पालदा क्षेत्र में भी ट्रॉन्सपोर्ट व्यवसाय के होने से और तीन ईमली क्षेत्र में ट्रेवल्स तथा अग्रसेन चौराहे के आगे छावनी अनाज मंडी होने के कारण भी कई बार यातायात बाधित होता है। इस पूरे मार्ग पर जगह-जगह अतिक्रमण होने की वजह से यातायात बाधित होता है। इंदौर में एक ऐसी लोहा मंडी बनायी जाए जिससे यातायात भी बाधित न हो और भारी वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह हो।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने ट्रॉन्सपोर्ट मालिकों और व्यापारियों से कहा कि शहर में भारी वाहनों के कारण यातायात बाधित नहीं हो, इसलिए देवास नाका क्षेत्र में एक बड़ी लोहा मंडी बनाकर ट्रॉन्सपोर्ट व्यापारियों को दुकानें भी आवंटित कर दी थी, इसके बावजूद कुछ व्यापारियों ने अपना व्यवसाय देवास नाका क्षेत्र में संचालित नहीं किया और वे लोहा मंडी में ही अपना व्यापार कर रहे है। इस वजह से बार-बार यातायात बाधित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिन व्यापारियों को दुकाने आवंटित हो चुकी है वे अपना व्यापार देवास नाका क्षेत्र में स्थित लोहा मंडी में संचालित करें। ट्रॉन्सपोर्ट मालिकों और व्यापारियों से कहा कि वे भारी वाहनों को लोड़िंग करते समय इस बात का ध्यान रखे कि कहीं भी यातायात बाधित न हो। ट्रक, आयशर और लोडिंग वाहनों को बेतरतीब सड़क किनारे पार्क नहीं करें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पूरे मार्ग पर जहाँ-जहाँ पर अवैध अतिक्रमण होगा, उसे चिन्हित कर शीघ्र हटाया जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने यातायात विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तीन ईमली चौराहा से लेकर लोहा मंडी क्षेत्र तक यातायात का ऐसा प्लान तैयार करें, जिससे इस क्षेत्र में सुगम यातायात हो सकें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, ट्रैफिक डीसीपी श्री आनंद कलादगी, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक श्री संतोष कुमार कौल, आईडीए अध्यक्ष डॉ. परीक्षित झाड़े सहित लोहा व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारी, ट्रॉन्सपोर्ट व्यवसायी उपस्थित थे।
