होटल इन्फिनिटी में दो दिन तक छाई रही राजपूताना ठाठ-बाट की छटा, इंदौरवासियों का जताया आभार

इंदौर। पधारो म्हारे देस… केसरिया रंग और राजपूती ठाठ के संग इंदौर में दो दिवसीय प्रसिद्ध “केसरिया एग्जीबिशन सीजन-11” का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। होटल इन्फिनिटी में सजी इस शाही प्रदर्शनी में राजस्थानी संस्कृति और राजपूताना परम्परा की मनमोहक झलक देखने को मिली। केसरिया लेडिज क्लब, इंदौर द्वारा आयोजित इस एग्जीबिशन में दीपावली और वैवाहिक सीजन को देखते हुए एक ही छत के नीचे राजपूती पोशाक, आड़, झुमके, रखड़ी, ब्राइडल कलेक्शन, एथनिक वियर और होम डेकोर का शाही खजाना सजाया गया था।
इस सीजन के शाही ट्रेंड्स
इस बार के सीजन में गोटा-पत्ती, जरदोजी और कुंदन कढ़ाई से सजी राजपूती पोशाकें और रॉयल ज्वेलरी में आड़, झुमके, रखड़ी सबसे ज्यादा डिमांड में रही। केसरिया रंग की पोशाकें आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। संस्था की अध्यक्ष श्रीमती गीतांजलि राणावत, सचिव श्रीमती चंद्र जीत जादौन, श्रीमती रंजना राणावत, श्रीमती बिंदु चौहान, श्रीमती जितेंद्र कुमारी परिहार, श्रीमती स्मृति चुण्डावत एवं डॉ. मनोरमा सोलंकी ने बताया कि एक-एक पारंपरिक पोशाक और कलाकृति को तैयार करने में कारीगरों के हाथों की महीनों की मेहनत लगती है। शुद्ध हाथ की कारीगरी को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए केसरिया जैसे प्लेटफॉर्म बेहद मददगार साबित हो रहे हैं, जिससे महिला उद्यमियों को बिजनेस नेटवर्क और बिक्री बढ़ाने का सुनहरा अवसर मिलता है।प्रदर्शनी में सुबह 10 से रात 10 बजे तक फैशन प्रेमियों का तांता लगा रहा और निःशुल्क प्रवेश के कारण उत्सव में चार चांद लग गए। ग्राहकों ने लेटेस्ट डिजाइन और प्रीमियम क्वालिटी के किफायती फेस्टिव कलेक्शन की जमकर खरीददारी की। अंत में केसरिया लेडिज क्लब ने एग्जीबिशन की अपार सफलता के लिए इंदौर के सभी नगरवासियों का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
