एरोड्रम थाना क्षेत्र में कोचिंग जा रही एक नाबालिग छात्रा से मोबाइल झपटने की घटना सामने आई है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस के मुताबिक, यादव नंद नगर में रहने वाली १७ वर्षीय नाबालिग फरियादी ने एरोड्रम थाने में २२ नवम्बर को शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह घर से कोचिंग जा रही थी और नीला आकाश स्कूल के पास, स्कीम नंबर ५१ पहुंची तभी पीछे से एक्सेस स्कूटर क्रमांक एमपी-०९ डीडी ६२४१ पर सवार होकर तीन लुटेरे आए। उनमें से आगे बैठे लड़के ने छात्रा के हाथ से रेडमी नोट १४ कंपनी का मोबाइल फोन छीना और तीनों तेजी से मौके से भाग निकले। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात तीनों बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। वाहन नम्बर एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तत्काल जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों अमन सोनी, तुषार धीमान और कान्हा सामन्त को हिरासत में ले लिया है। पुलिस तीनों आरोपियों से लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी और अन्य झपट्टामारी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस मामले में यह भी बताया कि आरोपियों ने उक्त मोबाइल बांगड़दा रोड की एक दुकान पर बेच दिया था, जहां से पुलिस ने मोबाइल भी जब्त किया है और इस मामले में दुकान
मालिक गौरव से भी पूछताछ की जा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी तरुणसिंह भाटी एवं मनोज चौहान, राजू वारत, अमर जाटव की भूमिका सराहनीय रही।
