इंदौर। खजराना थाना इलाके में रेडिसन चौराहे के पास टास्कस के सामने पुराने विवाद को लेकर एक ऑटो रिक्शा चालक पर हमला किया गया। आरोपी ने ऑटो चालक को नुकीले हथियार से वार कर घायल कर दिया और भविष्य में सवारी बैठाने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक फरियादी अजीत सिंह शेखावत निवासी स्कीम 78 की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अवधेश वर्मा उर्फ गोली निवासी ऑफिसर कॉलोनी, विजयनगर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि उनका साथी महेश उर्फ डिम्पी रेडिसन चौराहे के पास मौजूद था। इसी दौरान, आरोपी अवधेश वर्मा उर्फ गोली पुराने विवाद को लेकर दौडक़र आया और महेश उर्फ डिम्पी पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। आरोपी अवधेश उर्फ गोली ने महेश उर्फ डिम्पी की पीठ और जांघ पर नुकीले हथियार से वार किए, जिससे महेश गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर खून बहने लगा। हमले के दौरान, आरोपी महेश को गालियाँ भी दे रहा था। हमला करने के बाद, आरोपी अवधेश उर्फ गोली वहाँ से जाते-जाते महेश उर्फ डिम्पी को धमकाते हुए बोला, आज के बाद मुझे ऑटो रिक्शा में नम्बर से सवारी बिठाने का बोला तो तुझे जान से खत्म कर दूँगा। फरियादी की शिकायत पर खजराना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी अवधेश वर्मा उर्फ गोली की तलाश शुरू कर दी है। घायल महेश उर्फ डिम्पी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
