कटनी में मंगलवार को सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को गति देने के उद्देश्य से दीनदयाल खेल परिसर (फॉरेस्ट ग्राउंड) में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है। जिले की तीनों विधानसभाओं- कटनी-मुड़वारा, विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद- में पिछले कई दिनों से दिख रहा उत्साह आज मैदान में उमड़ पड़ा। खिलाड़ियों का हुनर देखने हजारों नागरिक आ पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक डॉ. सतेंद्र लोहिया व क्रिकेटर केदार जाधव भी आकर्षण का केंद्र बने। सभी खिलाड़ी और दर्शक उस समय उत्साहित हो उठे जब कार्यक्रम में शामिल मंत्री, सांसद, विधायक भी मैदान में उतर आए। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच राजनेताओं ने रस्साकशी में जोर लगाया।
दीनदयाल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री केएल मुरूगन रहे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने की। खजुराहो-कटनी सांसद विष्णुदत्त शर्मा के संयोजन में आयोजित महोत्सव में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक डॉ. सतेंद्र सिंह लोहिया एवं क्रिकेटर केदार जाधव शामिल हुए।
विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे, कटनी महापौर प्रीति सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ बीजेपी पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में आमजन भी उमड़े। सुबह से ही परिसर में खिलाड़ियों का जमावड़ा शुरू हो गया और उद्घाटन होते ही मैदान में खेल भावना और उत्साह का माहौल बन गया।
