इंदौर। लसूडिय़ा क्षेत्र में बुधवार रात एक हादसे में 10 साल के बेटे के सामने उसके पिता की मौत हो गई। बताया जाता है कि रात करीब 8 बजे पिता अपने बेटे को घुमाने निकले थे। बायपास पर सडक़ किनारे बाइक खड़ी कर उन्होंने बेटे को उस पर बैठाया और सामान लेने के लिए सडक़ पार कर रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी प्रकार एक अन्य हादसे में बस ने बाइक सवार को टक्कर मारकर उसकी जान ले ली।
लसूडिया पुलिस के मुताबिक, राजेश (32) पिता रूपसिंह झोपटे निवासी ओमेक्स सिटी को शेरेटान होटल के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे करीब 20 फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
10 साल का बेटा देख रहा था
घटना के समय राजेश का 10 साल का बेटा आकाश सडक़ के दूसरी ओर अपनी पिता की बाइक पर बैठा सब कुछ देख रहा था। राजेश उसे बाइक पर बैठाकर सामान लेने सडक़ पार कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
बच्चे की तबियत बिगड़ी
घटना के तुरंत बाद एक ऑटो ड्राइवर रुका और मदद की। थोड़ी देर में पुलिस की एफआरवी वैन भी पहुंची और राजेश को एमवाय अस्पताल ले जाया गया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि हादसा देखने के बाद आकाश की तबीयत खराब हो गई और वह किसी से बात नहीं कर पा रहा है।
काम के लिए आए थे इंदौर
राजेश मिस्त्री का काम करते थे। उनके तीन बच्चे और तीन भाई हैं। दो भाई बेडिया, ग्राम खरगोन में रहते हैं। राजेश भी मूल रूप से वहीं के रहने वाले थे और कई साल पहले काम के सिलसिले में इंदौर आए थे। पुलिस आसपास के लोगों से कार और चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।
टक्कर से मजदूर की हो गई मौत
उधर, पीथमपुर के महू-नीमच मार्ग पर एक तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना पीथमपुर थाना क्षेत्र के खेड़ा फाटे के पास सुबह करीब 8:45 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार जावेद को पीछे से टक्कर मार दी। जावेद मजदूरी के लिए पीथमपुर से सागौर की ओर जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जावेद गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन एम्बुलेंस के मौके पर पहुंचने से पहले ही जावेद की मौत हो चुकी थी। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया और मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है। पुलिस ने यात्री बस को जब्त कर लिया है। पुलिस को घटना के तुरंत बाद का एक वीडियो भी मिला है, जिसमें बस बाइक सवार को टक्कर मारकर भागती हुई दिख रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जाएगा। दरअसल, महू नीमच मार्ग की हालत खस्ता हो रही हे जगह जगह गड्ढे हो गये हे। दुर्घटनास्थल के पास ही सडक़ की स्थिति खराब है।
यहां अज्ञात वाहन ने ली जान
इधर, बाणगंगा क्षेत्र में भी देर रात एक हादसा हुआ। धीरज (29) पिता जितेंद्र निवासी ग्राम बरदरी को बाइक से जाते समय एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। धीरज मजदूरी करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
