इंदौर। खजराना क्षेत्र में बुधवार रात एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि जान देने से पहले उसका पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसने पत्नी और दोनों बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया और अंदर जाकर फंदा लगा लिया।
टीआई मनोज सेंधव के अनुसार मृतक फिरोज (50) पिता निजाम कुरैशी है। रात में परिजन उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिरोज पेशे से पुताई का काम करता था। उसके एक बेटा और एक बेटी है। रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद फिरोज ने पत्नी और बच्चों को बाहर कर दिया और कमरे में फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब पत्नी घर में गई, तो उसने फिरोज को फंदे पर लटका देखा। आसपास के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया। पुलिस के अनुसार, अभी परिवार के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं।
