उपलब्ध सेवाओं, सुविधाओं एवं शैक्षणिक कार्यों की प्रशंसा की

इंदौर
संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने आयुर्वेद महाविद्यालय में नये सत्र बीएएमएस प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं को प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि, उपलब्ध अवसरों और सुविधाओं का बेहतर उपयोग कर अनुशासन, समर्पण एवं लगन के साथ शैक्षणिक कार्यों में आगे बढ़े। संभागायुक्त डॉ. खाड़े गुरूवार को बुरहानपुर जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे।
पं. शिवनाथ शास्त्री शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं चिकित्सालय में संचालित चिकित्सा सेवाओं, रोगियों को दी जा रही सुविधाओं, उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता एवं पैकिंग की जाँच की। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने शिक्षकों एवं चिकित्सकों से चर्चा कर शिक्षण और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने महाविद्यालय भवन, लेब, कक्षाओं तथा विभागों का भी जायजा लिया। उन्होंने टर्फ ग्राउंड, ओपन जिम, हर्बल गार्डन एवं छात्रावास का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की समीक्षा की। संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने महाविद्यालय एवं चिकित्सालय द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं को सराहा एवं प्रबंधन, सुविधाओं एवं कार्यों की प्रशंसा भी की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने पिछले छः माह में किए गए विभागीय कार्यों से अवगत कराया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री सृजन वर्मा, अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण, प्रधानाचार्य डॉ. जे.पी. चौरसिया, उप प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद पटेल सहित अन्य उपस्थित रहे।
