8 पेयजल टेंकरों का किया वितरण

इंदौर,
जनपद पंचायत सांवेर में शुक्रवार को जल संकट समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्री तुलसीराम सिलावट ने 8 पेयजल टेंकरों का वितरण किया। मंत्री श्री सिलावट ने जानकारी देते हुए बताया कि ये टेंकर सांवेर जनपद के ग्राम पंचायत सिमरोड, कांकरिया बोडिया, बालोदा टाकुन, रिंगनोदिया, हरियाखेड़ी, गुलावट तथा नगर परिषद सांवेर के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। नगर परिषद सांवेर में दो टेंकर दिए गए हैं, जबकि शेष ग्राम पंचायतों में आवश्यकता के अनुसार एक–एक टेंकर वितरित किया गया है।
मंत्री सिलावट ने स्वयं ट्रैक्टर पर चढ़कर पेयजल टेंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और टेंकरों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को समय पर पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी गांव में पेयजल संकट न उत्पन्न होने पाए। कार्यक्रम में भारतसिंह, दिलीप चौधरी, सुरेशसिंह, दयाराम चौधरी, संदीप चंगेडिया, सुभाष जैन, मोहन खंडेलवाल, पार्षद जयदीप कानूनगो, इन्द्रेश चावड़ा, अमित लोबानिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने टेंकर वितरण को सराहनीय कदम बताते हुए मंत्री श्री सिलावट का आभार व्यक्त किया।
