जंजीरवाला चौराहा स्थित डायमंड कॉलोनी में देर रात एक चार मंजिला व्यावसायिक भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक ऑफिस में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुँचकर लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना देर रात करीब १.१३ बजे हुई। जंजीरवाला चौराहे के पास स्थित नारायण कोठी की तीसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिलते ही गांधी हॉल फायर स्टेशन से एएसआई सुशील दुबे की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। आग ओके टैक्स प्रा.लि. नामक ऑफिस में लगी थी, जिसके मालिक का नाम अर्जुन हलानी बताया गया है। आग की भयावहता के कारण बिल्डिंग में भारी मात्रा में धुंआ भर गया था। बिल्डिंग के चौकीदार ने सबसे पहले आग देखकर शोर मचाया। फायर ब्रिगेड टीम ने करीब १० हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग को फैलने से रोका और उस पर पूरी तरह काबू पाया। इस आगजनी में ऑफिस में रखे कंप्यूटर सिस्टम, फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान जलकर राख हो गए। हालांकि, समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा नुकसान टल गया। फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। टीम करीब एक घंटे में आग बुझाकर वापस लौट गई।
