
नवरत्न परिवार की मेजबानी में पहली बार सजाई भगवान के दस भावों की झांकी – मनोहारी साज-सज्जा से दमक उठा महावीर बाग
इंदौर। एयरपोर्ट रोड स्थित महावीर बाग पर नवरत्न परिवार एवं शहर के श्वेताम्बर जैन समाज की भागीदारी में पहली बार रविवार को पार्श्व जन्म कल्याणक में पालना भक्ति महोत्सव के साथ ही भगवान के दस भावों की झांकी एवं भक्ति संगीत का दिव्य आयोजन किया गया। शहर के प्रमुख जिनालयों में स्थापित मूल नायक भगवान पार्श्वनाथ की प्रतिकृतियों को पालनाजी में विराजित कर भगवान को झुलाने का गरिमापूर्ण उत्सव शहर के जैन बंधुओं ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ मनाया। दादा पार्श्वनाथ के जयघोष के बीच कड़ाके की शीत लहर के बावजूद 2 हजार से अधिक समाजबंधुओं ने अपने आराध्य भगवान पार्श्वनाथ के जन्मोत्सव को मनोहारी साज-सज्जा एवं भक्ति संगीत के बीच अनूठे अंदाज में आत्मसात किया।
आयोजन समिति के प्रमुख संयोजक ललित सी. जैन, मनीष सुराणा एवं प्रीतेश ओस्तवाल ने बताया कि महोत्सव में शहर के सभी प्रमुख जिनालयों में मूल नायक के रूप में स्थापित पार्श्वनाथ प्रभु की प्रतिकृति को पालनाजी में विराजित कर भगवान का झूला झुलाने के लिए शहर के गणमान्य जैन बंधुओं में होड़ सी लगी रही। पहली बार प्रभु के दस भावों की मनोहारी झांकी भी श्रृंगारित की गई और मालवांचल के भक्ति संगीत से जुड़े कलाकारों सुश्री अदिति कोठारी, खैरागढ़ के संभव लुनिया, मंदसौर के आशीष मराठा, इंदौर की मोक्षा सुराणा ने अपनी भक्ति रचनाओं की प्रस्तुतियों से हजारों समाजबंधुओं को 5.7 डिग्री तापमान में भी बांधे रखा। सूत्रधार थे मोहनखेड़ा के देवेश जैन और मंच का संचालन किया सचिन जैन ने। सभी कलाकारों की अगवानी अंकित मारू, नीलेश बाफना, अभय कटारिया, अक्षय सुराणा, आतुश शाह, हेमंत खाबिया, संदीप पोरवाल, सिद्धार्थ सुराणा, शैलेन्द्र नाहर, दीपक सुराणा तथा मालवा महासंघ के दिलसुखराज कटारिया आदि ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. प्रकाश बांगानी, कांतिलाल बम, दिलीप सी. जैन,कैलाश नाहर प्रकाश भटेवरा, कमलेश सोजतिया, हितेंद्र मेहता, विमल घोड़ावत, संजय नाहर, जीनेश्वर जैन, राजेंद्र जैन,महेंद्र सुराना अजीत ललवानीसहित बड़ी संख्या में शहर के जैन संगठनों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
