लसूड़िया थाना क्षेत्र के एबी रोड पर स्थित एक व्यावसायिक बिल्डिंग के बाहर स्पा संचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुराने लेन-देन के विवाद में स्पा के ही एक पूर्व कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर संचालक पर हमला कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक, घटना यूएसएम हब बिल्डिंग के नीचे एबी रोड पर रात करीब ११.३० बजे हुई। फरियादी पूजेंद्र कुमार पिता रामानंद पटेल, निवासी मालवीय नगर, ने पुलिस को बताया कि वह अपना स्पा बंद करके बिल्डिंग के नीचे खड़ा था। इसी दौरान वहां उसका पूर्व कर्मचारी मिथुन प्रजापत अपने दो दोस्तों शुभम पटेल और गौरव के साथ पहुँचा। मिथुन ने पूजेंद्र से पुराने काम के बकाया रुपयों की मांग की। जब पूजेंद्र
ने कहा कि तुम्हारा कोई हिसाब बाकी नहीं है और मैंने पूरे पैसे दे दिए हैं तो आरोपी भड़क गए। पैसे देने से इनकार करने पर तीनों आरोपियों ने पूजेंद्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पूजेंद्र के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। हमले के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
