इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि पड़ोसी के साथ चल रहे विवाद और समझौते के लिए बनाए जा
रहे मानसिक दबाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। विजय नगर क्षेत्र में रहने वाले योगेश पिता हुकुमचंद वर्मा (४२) ने अपने घर पर एसिड पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़
दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक योगेश के परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनका पड़ोसी के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी लगातार योगेश पर पुराने विवाद में राजीनामा करने का दबाव बना रहा था और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर योगेश ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
