इंदौर। तुकोगंज थाना क्षेत्र में नशे की लत और अड़ीबाजी का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए रुपयों की मांग पूरी न होने पर एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार के घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तुकोगंज पुलिस के मुताबिक, घटना पंचम की फेल इलाके की है। यहां रहने वाली ज्योति पति राकेश लोदवाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि रात करीब ९:३० बजे उनके पड़ोस में रहने वाला उनके जेठ का बेटा एकेश लोदवाल नशे की हालत में उनके घर पहुँचा। आरोपी एकेश ने ज्योति से शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की।जब ज्योति ने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी एकेश आगबबूला हो गया और घर के भीतर ही चिल्लाते हुए गालियां देने लगा। जब महिला ने उसे गाली देने से मना किया और घर से बाहर जाने को कहा, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।हंगामे के दौरान आरोपी ने महिला को डराते हुए धमकी दी कि ‘अगर शराब के लिए रुपये नहीं दिए, तो तुझे जान से खत्म कर दूँगा।’ शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग निकला।
