इंदौर। तिलक नगर थाना क्षेत्र के कंधारी नगर में पारिवारिक हिंसा का एक मामला सामने आया है। अपनी बहन के साथ हो रही मारपीट को रोकने पहुंचे एक युवक पर उसके ही जीजा ने बेल्ट और थप्पड़ों से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी जीजा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, कनाडिया रोड निवासी धीरेन्द्र पिता रामसोहावन त्रिपाठी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने पिपल्याहाना स्थित ऑफिस में थे, तभी उनकी बहन रेनू का फोन आया। रेनू ने रोते हुए बताया कि उसका पति संजीत द्विवेदी उसके साथ बुरी तरह लड़ाई- झगड़ा और मारपीट कर रहा है।बहन की पुकार सुनकर धीरेन्द्र तुरंत कंधारी नगर बंगाली चौराहा स्थित बहन के घर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि जीजा संजीत उनकी बहन को पीट रहा था। जैसे ही धीरेन्द्र ने बीच-बचाव की कोशिश की, आरोपी जीजा भड़क गया और गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ-थप्पड़ों और अपने बेल्ट से फरियादी पर हमला कर दिया। हमले में फरियादी धीरेन्द्र के चेहरे और सिर पर गहरी चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान जब बहन रेनू दोबारा बचाने आई, तो आरोपी ने उसके साथ भी दोबारा मारपीट की। शोरशराबा और चीख-पुकार सुनकर मकान मालिक मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर धीरेन्द्र को बचाया। जाते-जाते आरोपी संजीत ने धमकी दी कि ‘अगर आइंदा हमारे बीच में बोला, तो जान से खत्म कर दूंगा।’फरियादी धीरेन्द्र की शिकायत पर तिलक नगर थाना पुलिस ने आरोपी जीजा संजीत द्विवेदी के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
