इंदौर
कनाडिया पुलिस ने एक सप्ताह पहले पान दुकान संचालक को जिंदा जलाने की कोशिश करने वाले खतरनाक बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने बीयर की बोतलों से पेट्रोल बम बनाकर दुकान पर हमला किया था। गिरफ्तारी के दौरान भागने के प्रयास में आरोपी गिरकर घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। कनाड़िया पुलिस के मुताबिक, घटना कनाडिया रोड स्थित शराब दुकान के समीप एक पान की गुमटी पर हुई थी। फरियादी दीपक चौरसिया निवासी सर्वसंपन्न नगर अपनी दुकान पर थे, तभी आरोपी करण यादव निवासी परदेशीपुरा अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश या विवाद के चलते आरोपियों ने बीयर की बोतलों में पेट्रोल भरकर दुकान पर फेंक दिया और जलता हुआ डंडा अंदर डाल दिया। आग लगते ही पूरी गुमटी धू-धू कर जलने लगी। दुकानदार दीपक चौरसिया आग की लपटों के बीच घिर गए थे, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए दुकान के पीछे के दरवाजे से भागकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। हमले के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान की। कल मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि मुख्य आरोपी करण यादव इलाके में देखा गया है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस को देखकर करण ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वह असंतुलित होकर गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई है।
